इटावा। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी के दलदल में धकेलने वाले एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने महज कुछ समय में ही ठगी के पैसों से करीब एक करोड़ की संपत्ति बना ली थी। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीश्चंद्र ने कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवा कुशवाहा निवासी जालिम अड्डा मैनपुरी फाटक के पास, सिविल लाइंस के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शिवा इंस्टाग्राम और टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म्स पर ऑनलाइन गेमिंग का जमकर प्रमोशन करता था। वह आकर्षक विज्ञापनों के जरिए युवाओं को अधिक पैसे जीतने का लालच देकर उन्हें अपने जाल में फंसाता था। उसने अपने भाई के नाम पर 22 लाख रुपये की गाड़ी खरीदी। करीब 50 लाख रुपये की लागत से आलीशान मकान बनवाया है।
आरोपी ने अब तक करीब एक करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की बात सामने आई है। साइबर क्राइम थाना प्रभारी संजय सिंह ने शिवा समेत नौ लोगों के खिलाफ 13 मार्च 2026 को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। साइबर सेल और पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घेराबंदी कर शुक्रवार को आरोपी शिवा को पुलिस लाइन सड़क स्थित एक स्कूल के पास गिरफ्तार किया। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह में शामिल लोगों की गिरफ्तारी की प्रयास किए जा रहे हैं। इससे इस गिरोह को पकड़कर जेल भेजा जा सके।
चार सालों से लोगों से कर रहा था ठगी
शातिर ठग शिवा कुशवाहा पिछले चार वर्षों से इस काम में लगा हुआ था और लगभग एक करोड़ रुपये कमा चुका था। वह लोगों को छोटा लालच देकर अधिक धनराशि की ठगी करता था। गिरफ्तार आरोपी के पास से एक आईफोन-14 बरामद किया गया है, जिसका उपयोग वह साइबर ठगी में करता था।