इटावा जिले के महानेपुरा में भरथना रोड पर गैस प्लांट के पास शुक्रवार सुबह ऑटो और कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में ऑटो सवार मासूम बच्ची और उसके मामा की मौत हो गई। चार लोग घायल हो गए। पीछे से आ रही बाइक भी ऑटो से टकरा गई। इसमें बाइक सवार मां-बेटे जख्मी हो गए।
शुक्रवार सुबह इकदिल थानांतर्गत महानेपुरा में ऑटो और कार की टक्कर के बाद चीख पुकार मच गई। ऑटो सवार सुग्रीव निवासी शाहजहांपुर, पूनम निवासी बांझराहार, उनकी बेटी आरोही (3), सीमा निवासी फफूंद सरैया, रोहतास निवासी मढ़ैना, ऑटो चालक रोहित कुमार निवासी नगला हीरा घायल हो गए। इसी दौरान ऑटो में पीछे से आ रही बाइक भी टकरा गई।
बाइक सवार छोटू व उसकी मां ब्रह्मा देवी निवासी नगला आसाराम थाना भरथना जख्मी हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया। मासूम आरोही ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया जबकि देर शाम उसके मामा ऑटो चालक सुग्रीव की भी मौत हो गई। सूचना पर थाना प्रभारी कृष्ण लाल पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि कार चालक भाग गया है।