इटावा। इकदिल में अप लाइन पर बुधवार को सुबह 9:23 बजे होम सिगनल रेड होने के बाद भी कोयला से लदी मालगाड़ी उसे पार कर गई। इससे रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी मिलते ही टीआई धारा सिंह, टीएक्सआर स्टाफ रेलवे चिकित्सक डा.वीपी पाठक मौके पर पहुंचे। उन्होंने जांच शुरू की। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी इलाहाबाद मंडल गौरव कृष्ण बंसल ने बताया कि यह मामला सिगनल ओवर शूटिंग का है। जिसका मतलब गाड़ी आने के बाद अचानक सिगनल रेड हो जाना होता है। इसमें किसी का कोई दोष नहीं है। चालक ने अच्छे तरीके से गाड़ी को कंट्रोल कर लिया। प्रारंभिक जांच में कोई चूक सामने नही आई है।
सुबह मालगाड़ी झरिया से कोयला लेकर दिल्ली जा रही थी। मालगाड़ी के चालक वीरेंद्र सिंह, गार्ड कुंवर पाल और सहायक लोको पायलट सतेंद्र चौधरी मालगाड़ी को लेकर आ रहे थे। चालक के अनुसार पहले सिगनल ग्रीन था लेकिन आगे निकलते ही रेड हो गया। सूत्रों के अनुसार वॉकीटॉकी पर एसएम सुनील कुमार सिंह और चालक वीरेंद्र सिंह के बीच बात हुई थी। इसके बाद मालगाड़ी एमआईजीके को लूप लाइन पर ले जाया गया। करीब चार घंटे बाद दोपहर 1:10 बजे मालगाड़ी इटावा रेलवे स्टेशन से पास हुई। रेलवे प्रशासन ने इकदिल में डेरा डालकर जांच शुरू कर दी है। डा. वीपी पाठक ने ब्रीथ इनहेलर से जांच की। उसके खून की स्लाइड को जांच के लिए इलाहाबाद भेजा है। इस दौरान कानपुर से भी रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे और अपनी जांच शुरू कर दी है।