यदि वोटर सूची में किसी बालिग व्यक्ति का नाम अभी शामिल नहीं हुआ है, तो वह फार्म 6 भरकर अपना नाम इस सूची में जुड़वा सकता है। जी हां, चुनाव आयोग ने एक बार फिर से मतदाता सूची को अपडेट करने का कार्यक्रम तय कर लिया है। 2 नवंबर से इसकी शुरूआत हो जाएगी।
शुक्रवार को एडीएम ईश्वरचंद्र ने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रमुख राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर इस अभियान की जानकारी दी। साथ ही उनसे इस कार्यक्रम में सहयोग की अपील की।एडीएम ने बताया कि इस कार्य के लिए मतदान केंद्र के मतदेय स्थलों पर प्रत्येक कार्यदिवस में सुबह 10 से शाम 4 बजे तक अधिकारी मौजूद रहेंगे।
यदि किसी कारण से किसी दिवस विशेष पर संबंधित अधिकारी मौजूद नहीं होंगे तो इसकी वैकल्पिक व्यवस्था संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के तहत 2 नवंबर से घर घर सत्यापन का काम शुरू हो जाएगा।
बूथ लेबल अधिकारी यानी बीएलओ को यह कार्य 25 नवंबर तक पूरा करना होगा। हरेक बीएलओ एक दिन में कम से कम 50 घरों का सर्वेक्षण पूरा करेगा।उन्होंने कहा कि 18 से 21 वर्ष आयु के लोगों को आयु संबंधी प्रमाण पत्र फार्म 6 के साथ संलग्न करना होगा।
तभी उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज होगा। इसके लिए अधिकारी व बूथ लेबल अधिकारी फार्म प्राप्त करते समय इसे सुनिश्चित कर लेंगे। वह यह भी देखेंगे कि संबंधित व्यक्ति का निवास स्थान क्या है। साथ ही फार्म पर आवेदनकर्ता के हस्ताक्षर है या नहीं।
फार्म में यदि किसी प्रकार की कोई कमी नजर आए तो संबंधित अभिलेख पूर्ण करने के लिए कहेंगे। एडीएम ने कहा कि ऐसे लोगों से भी फार्म 6 प्राप्त किया जाएगा। जिन घरों में ऐसे लोग मिलें, जिनके नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं।
विशेष अभियान दिवसों पर दावे व आपत्तियां दाखिल करने की अवधि का प्रचार प्रसार शहरी क्षेत्रों में रिक्शों पर लाउडस्पीकर लगाकर और देहाती क्षेत्रों में डुगडुगी बजवाकर किया जाएगा। बैठक में एडीएम ईश्वरचंद्र ने प्रमुख राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को सभी बीएलओ के नाम व मोबाइल नंबर की सूची उपलब्ध कराई।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष उदयभान सिंह यादव ने सुझाव दिया कि कार्यक्रम से जुड़े सभी संबंधित अधिकारियों को प्रमुख दलों के जिलाध्यक्षों के नाम भी उपलब्ध करा दिए जाएं। इस दौरान सपा के जिला महासचिव कृष्ण मुरारी गुप्ता, आलोक दीक्षित, राकेश यादव, भाजपा महामंत्री विकास भदौरिया, माकपा मंत्री अमर सिंह, विश्राम सिंह मौजूद रहे।