जसवंतनगर। कस्बा के कोठी कैस्त वार्ड में बनाए जा रहे नाले के निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर वार्ड सभासद घमला देवी शिकायत की थी। इस नाले का निर्माण नगरपालिका करा रही है। शिकायत होने पर मंगलवार दोपहर नपा ईओ श्याम बचन सरोज व जेई रविन्द्र सिंह ने निर्माणाधीन नाले का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण सामग्री, ढलाई की मजबूती काे देखा। ईओ ने निर्देश दिए कि गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। यदि कहीं भी मानकों में कमी पाई गई तो संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और भुगतान भी रोक दिया जाएगा। जेई रविन्द्र सिंह ने बताया कि लगभग 800 मीटर लंबा यह नाला राष्ट्रीय राजमार्ग से शुरू होकर नदी में मिलाया जा रहा है, इससे क्षेत्र में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या का समाधान हो सकेगा।
बताया कि नाला निर्माण के बाद स्वास्थ्य केंद्र की ओर जाने वाली सड़क को सीसी से बनाया जाएगा। परियोजना की कुल लागत लगभग एक करोड़ 11 लाख रुपये है और कार्य दो माह के अंदर ही पूरा करने का लक्ष्य है।