सैफई के एथलेटिक्स स्टेडियम में चल रही इंडियन ग्रामीण क्रिकेट लीग का खिताब लखनऊ क्रिकेट क्लब ने जीत लिया। इस मौके पर खिताब जीतने वाली लखनऊ की टीम को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्राफी के साथ पांच लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया।
वहीं उपविजेता कानपुर की टीम को तीन लाख रुपये प्रदान किए गए। उधर, स्टेडियम में उतरे फिल्मी सितारों ने मैच के दौरान जमकर धमाल मचाया। आईपीएल की तर्ज पर आईजीसीएल का समापन मुम्बईया अंदाज में हुआ और गायक कलाकारों श्वेता पंडित व शिल्पा राव के गीतों पर खिलाड़ियों व दर्शकों ने जमकर डांस किया।
आईजीसीएल के फाइनल मुकाबले में लखनऊ क्रिकेट क्लब ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी की। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 196 रन बनाए। इसमें धीरज नें 36 गेंदों पर 55 और अमित नें 36 गेंदों पर 54 रन बनाए। जबकि हैरिज ने11 गेंदों पर 33 रन बनाए।
कानपुर की टीम की ओर से गेंदबाज गोलू ने 30 पर 2 और कप्तान समर न 49 पर 2 विकेट लिये। जवाब में खेलने उतरी पंचवटी विनायकपुर कानपुर की टीम 16 ओवर में 82 रनों पर सिमट गई। इसमें दिव्यांशु ने 16 और सुमित ने 11 रन बनाए ।
लखनऊ की ओर से गेंदबाजी करते हुए विशाल ने 12 पर 4 विकेट और अमित ने 3 14 पर 2 विकेट लिए। प्रतियोगिता में तीसरे स्थान पर रही बरेली की टीम को दो लाख व चौथे स्थान पर रही कलेश्वर बाबा मोहन लालगंज लखनऊ की टीम को एक लाख रुपये दिए।
लखनऊ टीम के धीरज को मैन आफ द सीरीज चुना गया और उन्हें 51 हजार का पुरस्कार मिला। वहीं आसिफ को बेस्ट बल्लेबाज व नुमान को बेस्ट गेंदबाज का पुरस्कार दिया गया।