इटावा। नगला परसे में युवक का शव भूसे के कमरे में मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। उसकी हत्या प्रेम प्रसंग में किए जाने की बात सामने आई है। प्रेमिका की मां और उसके चाचा ने युवक के सिर पर डंडाें से वार कर रस्सी और दुपट्टे से गला कस दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं किशोरी प्रेमिका के घटना में संलिप्त होने पर उसे बाल सुधार गृह भेजा गया है।
बकेवर थाना क्षेत्र के ग्राम नगला परसे निवासी अभिषेक का शव शनिवार देर शाम गांव में ही एक भूसे वाले कमरे में मिला था। मामले में पिता ने हत्या की आशंका जताकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि घटना का खुलासा करने के लिए टीमें लगाई गई थीं। जांच में पता चला कि पड़ोस की ही किशोरी से अभिषेक का प्रेम प्रसंग था। शनिवार तड़के करीब तीन बजे दिबियापुर से शादी में शामिल होकर लौटने के बाद अभिषेक किशोरी से मिलने उसके घर चला गया।
दोनों को साथ देखकर किशोरी की मां और चाचा हरिश्चंद्र बौखला गए। उन्होंने युवक के सिर पर डंडों से वार कर उसे गिरा दिया। रस्सी और दुपट्टा डालकर उसका गला कस दिया। इससे अभिषेक की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपियों ने किशोरी के सहयोग से उसे पड़ोस के बंद घर में भूसे वाले कमरे में फेंक दिया था। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि तीनों को गिरफ्तार किया गया है।
मोबाइल फोन ने खोले राज
अभिषेक के पास से पुलिस ने दो फोन बरामद किए थे। मोबाइल कॉल और रिकॉर्डिंग के आधार पर पुलिस घटना की तह तक पहुंची। इसी के जरिये प्रेम प्रसंग की बात पता चली।