किसान सभा की अगुवाई में किसानों ने सोमवार को जसवंतनगर मंडी समिति के सचिव को ज्ञापन सौंपा। इसमें सब्जी किसानों की उपज उत्पादन पर कटौती न करने, आढ़ती पल्लेदारी के नाम पर वसूली रोकने और पराली को ठिकाने लगाने के लिए किसानों को 100 रुपये प्रति क्विंटल दर से प्रोत्साहन राशि देने की मांग की गई।
सभा के जिला कोषाध्यक्ष विशंभर सिंह वर्मा ने बताया कि सरकार ने कृषि संकट बढ़ा दिया है। कभी बिजली तो कभी पराली जलाने के नाम पर किसानों का शोषण किया जा रहा है।
सर्वोच्च न्यायालय ने निर्देश दिए हैं कि पराली को ठिकाने लगाने के लिए किसानों को धनराशि दी जाए। किसान नेता ने कहा कि पलेवा के समय नहरों में पानी नहीं आ रहा है।
जल्दी नहरों में पानी छुड़वाया जाए। आरोप लगाया कि मंडी समिति मेें सब्जी किसानों से आढ़ती उपज पर एक क्विंटल पर 10 किलो अतिरिक्त तौल करते हैं। इसके अलावा पल्लेदारी के नाम पर दो किलो अधिक कटौती की जा रही है।
इससे किसानों को प्रति क्विंटल पर 12 किलो की लूट की जा रही है। 40 किलो उपज पर 44 किलो की तोल की जा रही है। ज्ञापन सौंपने वालों में सतीश शाक्य, विनोद कुमार, दीनदयाल, विनीत कुमार, धनीराम, राममोहन, ब्रजेश कुमार, बबलू, रामेश, सुरेश, प्रेमशंकर, मुकेश चंद्र, सोनू अनुज, सदन सिंह, गोरेलाल, आकाश कुमार, अरविंद कुमार, कमलेश, हरगोविंद आदि शामिल रहे।