इटावा। बसरेहर थानाक्षेत्र के ज्ञानपुरा गांव से निकले कुम्हावर मार्ग पर सेंगर नदी पुल के पास मंडी से मिर्च बेच कर लौट रहे किसान अवध किशोर को पांच बदमाशों ने लूट लिया। विरोध पर बदमाशों ने उसे पीटकर घायल कर दिया। घायल को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। लुटेरे किसान से तमंचे के बल पर डेढ़ लाख रुपये, सोने की जंजीर व अंगूठी ले गए।
क्षेत्र के नगला सीता गांव निवासी अवध किशोर ने बताया कि सेंगर नदी पुल के पास पांच बदमाशों ने उसे रोक दिया। इसके बाद बदमाशों ने तमंचा निकाला और गोली मारने की धमकी देकर लूटपाट शुरु कर दी। विरोध पर पीटने के बाद लुटेरे भाग गए। राहगीरों की सूचना पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और चालक ने उसे बसरेहर अस्पताल में भर्ती कराया।
घटना की सूचना पाकर सीओ सैफई साधु राम, बसरेहर थाना प्रभारी विनोद कुमार यादव घटनास्थल पर पहुंचे। वहां जांच करने के बाद दोनों अस्पताल पहुंचे और अवध किशोर से घटना की जानकारी की। डॉक्टरों ने अवध किशोर की हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सीओ के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है।