इटावा। लायन सफारी में बबेसिया बीमारी से ग्रस्त शेर पटौदी व जैसिका का इलाज करने के लिए लंदन के लौंगलीट जू के डाक्टर जोनाथन क्रै कनैल शनिवार को यहां आ गए हैं। उन्होंने सफारी में दोनों शेरों का स्वास्थ परीक्षण किया। डा जोनाथन ने शेरों की स्थिति को संतोषजनक बताते हुए डाक्टरों को परामर्श दिया। शेरनी जैसिका के कीपर दोस्त मोहम्मद को भी गुजरात से बुलाया गया है। उन्होंने जैसिका की देखरेख शुरू कर दी है।
लायन सफारी में शेर पटौती और शेरनी जैसिका की बीमारी को लेकर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश के बाद विदेशी डाक्टरों से परामर्श लिया जा रहा है। इसी के तहत शुक्रवार को लंदन के लौंगलीट जू के डाक्टर जोनाथन क्रै कनैल लायन सफारी पहुंचे। उनके साथ मुख्य वन्यजीव संरक्षक रूपक डे भी मौजूद रहे।
डा. जोनाथन ने यहां सबसे पहले शेरनी जैसिका और शेर पटौदी का स्वास्थ परीक्षण किया, जिसमें शेरों की स्थिति सामान्य पाई गई। शेरों में मिली बबेसिया बीमारी की स्थिति भी स्थिर है। विदेशी डाक्टर ने स्थित संतोषजनक बताते हुए इलाज शुरू किया। उन्होंने जू के डाक्टरों को शेरों के इलाज देने में अपनी सलाह भी दी। अब शेरों को डाक्टर जोनाथन की सलाह पर इलाज दिया जा रहा है।