लायन सफारी में मृत पड़ा शेर कुबेर।
- फोटो : अमर उजाला
इटावा। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के ड्रीम प्रोजेक्ट को बड़ा झटका लगा है। लायन सफारी में 16 अप्रैल से कैनाइन डिस्टेंपर नामक बीमारी से जूझ रहे शेर कुबेर की गुरुवार सुबह मौत हो गई। कु बेर के शव को पोस्टमार्टम के लिए आईवीआरआई बरेली भेजा गया है। इससे पहले सफारी में एक शेर, दो शेरनी और पांच शावकों की मौत हो चुकी है। गुरुवार सुबह नौंवी मौत के बाद सफारी प्रशासन सदमे में है।
लायन सफारी में बीमार चल रहे शेर कुबेर को लेकर बुधवार को सफारी प्रशासन ने सेहत में सुधार का दावा किया था, लेकिन गुरुवार सुबह 8:10 बजे लायन सफारी के वेटनरी हॉस्पिटल में उसकी मौत हो गई। लायन सफारी प्रशासन के अनुसार कुबेर की हालत अचानक सुबह बिगड़ गई। यहां मौजूद डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। लायन सफारी प्रशासन ने मथुरा, कानपुर व जूनागढ़ के डॉक्टरों को कुबेर के इलाज के लिए बुलाया गया था।
मुख्य वन्यजीव संरक्षक वन रूपक डे भी एक दिन पहले ही लायन सफारी पहुंचेे थे। कुबेर की मौत के बाद लायन सफारी में सन्नाटा छाया रहा। मुख्य वन्यजीव संरक्षक वन रूपक डे, लायन सफारी के डायरेक्टर संजय श्रीवास्तव, डिप्टी डायरेक्टर अनिल पटेल की देखरेख में कुबेर के शव को आईवीआरआई बरेली भेज दिया गया। जहां पर शव का पोस्टमार्टम होगा। कुबेर के कैनाइन डिस्टेंपर नामक संक्रमण की चपेट में आने के कारणों की भी पड़ताल होगी।
कुबेर की मौत के बाद लायन सफारी को अलविदा कहने वाले शेरों की संख्या नौ हो चुकी है। अब तक यहां शेर विष्णु, शेरनी लक्ष्मी व तपस्या के दम तोड़ने के बाद शेरनी हीर के दो शावक और गरिज्मा के तीन शावक दम तोड़ चुके हैं।