लायन सफारी में उछलकूद करता शेर
- फोटो : अमर उजाला
इटावा सफारी पार्क में खुशहाली के दिन लाने के लिए सफारी प्रशासन ने एक बार फिर तैयारी शुरू कर दी है। जुलाई से सितंबर माह ब्रीडिंग के लिहाज से खास माना जाता है। माना जा रहा है कि अगले तीन माह में ब्रीडिंग में सफलता मिल जाएगी।
पशु चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार एशियांटिक बब्बर शेरों के प्रजनन के लिए जुलाई, अगस्त व सितंबर माह अति महत्वपूर्ण होते हैं। मई- जून माह की भीषण गर्मी के बाद जब जुलाई माह में बारिश के दौरान शेर-शेरनी के लिए सबसे सुहाना मौसम होता है। शेरों को कुनबा दिन के समय भी घूमने फिरने को निकलने लगता है। मौसम में ठंडक आने के साथ ही इस मौसम में शेरनी के शरीर में भी परिवर्तन होते हैं और वह शेर से मिलन के लिए तैयार हो जाती है।
ऐसे में शेरनी के गर्भवती होने की संभावना अन्य दिनों की अपेक्षा ज्यादा रहती है। इसी आधार पर सफारी में ब्रीडिंग की तैयारी शुरू कर दी गई है। डाक्टरों की टीम शेर-शेरनी की गतिविधियों पर पल -पल नजर रखने लगे हैं। खासतौर से शेरनी के खाने पीने से लेकर उनके टहलने की स्थितियों पर भी नजर रखी जा रही है। कीपरों को उचित माहौल पैदा करने के लिए भी प्रशिक्षिण दिया गया है। शेर एवं शेरनी में किसी तरह का संक्रमण न होने पाए, इसके लिए आसपास स्वच्छता पर भी ध्यान रखा जा रहा है। सफारी में अतिरिक्त चिकित्सक के रूप में डा अमित को तैनात कर दिया गया है। जबकि डा. गौरव श्रीवास्तव व डा. अरविंद त्रिपाठी पहले से ही मौजूद हैं।