लखना बिजली घर में तैनात संविदा कर्मी लाइनमैन की पोल पर चढ़कर लाइन सही करने के दौरान करंट लगने से मौत ही गई। बिजली घर पर मौजूद एसएसओ घटना के बाद लॉग शीट लेकर फरार हो गया।
लखना बिजलीघर में तैनात संविदा कर्मी लाइनमैन विनोद यादव पुत्र मुंशीलाल निवासी ग्राम नील देवता थाना लवेदी शनिवार को लखना टाउन की लाइन में फाल्ट सही करने लखना चकरनगर मार्ग पर बिजली घर के पास पोल पर चढ़ा था। बिजली घर से रानीपुरा गांव जाने वाली 11 हजार केवी हाईटेंशन लाइन भी लखना टाउन की लाइन के ऊपर से गुजरी थी। विनोद ने लखना टाउन की लाइन का फाल्ट ठीक करने के लिए लखना बिजली घर में तैनात एसएसओ संतोष से शटडाउन ले लिया। लेकिन रानीपुरा को जाने वाली 11 हजार की हाईटेंशन लाइन का शटडाउन नहीं लिया। पोल पर लाइन में फाल्ट ठीक करते समय लाइनमैन विनोद ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन से छू गया। तेज करंट लगने से वह पोल पर ही चिपक गया। लोगों ने ये देख सप्लाई बंद कराई। उसे महेवा अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद लखना बिजली घर में मौजूद एसएसओ संतोष लॉग शीट लेकर भाग गया। थानाध्यक्ष बकेवर भोलू सिंह भाटी, लखना चौकी इंचार्ज विजय सिंह यादव, एसडीओ भूपसिंह, प्रभारी जेई कन्हैया लाल, ठेकेदार अशोक यादव मौके पर पहुंचे। मृतक लाइनमैन के भतीजे दीपेश यादव को ठेकेदार ने ढाई लाख की चेक दी है। पुलिस ने घरवालों की तहरीर पर इत्तफाकिया मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया है।