इस्लामियां इंटर कॉलेज में बने सेंटर के बाहर चस्पा सूची में अपना कक्ष देखते अभ्यथीZ। संवाद
इटावा। दरोगा भर्ती परीक्षा के पहले दिन दोनों पालियों से बाहर निकले परीक्षार्थियों के चेहरों पर मुस्कान थी। प्रशनपत्र आसान था लेकिन सिर्फ समय ज्यादा लेने वाले सवालों ने उन्हें परेशान किया। उन्हें जल्द पूरा करने के कारण कुछ सवाल छूट भी गए पर जो किए उनके सही होने की खुशी भी परीक्षार्थियों के चेहरों पर दिखी।
शहर के 11 विद्यालयों को इस परीक्षा के लिए केंद्र बनाया गया था। झांसी, फिरोजाबाद, आगरा, कानपुर देहात, कानपुर नगर, औरैया, कन्नौज समेत कई जिलों से 15360 अभ्यर्थियों का सेंटर जिले के विद्यालयों में था। पहले दिन आधे अभ्यर्थी जिले में पहुंचे। पहली पाली सुबह 10 बजे शुरू हुई इसके लिए दो घंटे पहले ही परीक्षार्थियों का प्रवेश शुरू हो गया। पूरी जांच के बाद उन्हें परीक्षा के लिए कमरों में बैठाया गया। परीक्षा छूटने पर भी अभ्यर्थियों की एक साथ भीड़ गेट से बाहर नहीं की गई। हर केंद्र पर एसआई के नेतृत्व में पुलिस टीम व एलआईयू की टीम भी थी। दोनों ही पालियों में परीक्षा के बाद ज्यादातर अभ्यर्थी खुश दिखे। कुछ अभ्यर्थियों ने गणित और सामान्य ज्ञान के खंड को चुनौतीपूर्ण बताया।
मथुरा निवासी परीक्षार्थी शिव कुमार ने बताया कि पेपर में जीएस वाला खंड कठिन था। बाकी सब सामान्य थे। कट ऑफ हाई रहने की उम्मीद है।
ललितपुर निवासी हर्ष ने बताया कि पेपर आसान था, लेकिन टाइम टेकिंग सवाल थे। सामान्य ज्ञान वाला खंड कठिन था। उम्मीद है कि नंबर आ जाएगा।