चकरनगर (इटावा)। भरेह थाना क्षेत्र में सड़क पर तेंदुए का शव पड़ा मिला। उसके गले में कान के पास गहरा घाव था। सेंचुरी क्षेत्र के अधिकारियों ने पोस्टमार्टम के लिए शव बरेली भेजा है। रेंजर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
थानाध्यक्ष सतीश राठौर ने बताया कि शुक्रवार रात चकरनगर-भरेह मार्ग पर गढ़ा कासदा गांव के पास सड़क पर तेंदुआ का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। इस पर वह मौके पर पहुंचे और रेंजर हरि किशोर शुक्ला को बुलाया। थानाध्यक्ष ने शव को रेंजर के सुपुर्द कर दिया। रेंजर पोस्टमार्टम कराने के लिए शव को अपने साथ ले गए थे। प्रभारी डीएफओ राजेश वर्मा ने बताया कि चंबल सेंचुरी क्षेत्र में तेंदुआ मृत मिला था, इसलिए शव सेंचुरी के डीएफओ के सुपुर्द कर दिया गया था। डीएफओ आनंद कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में तेंदुआ की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेज दिया गया है।