निबाड़ीकला। यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुटे परीक्षार्थियों को अंग्रेजी विषय काफी कठिन लगता है। रामअवतार इंटर कॉलेज के अंग्रेजी विषय के शिक्षक राजेश शाक्य ने बताया कि अंग्रेजी में प्रत्येक विषय वस्तु (टॉपिक) को पढ़कर समझने की बहुत आवश्यकता होती है। ताकि अध्याय के बीच में से प्रश्न पूछे जाने पर आप उनके जवाब आसानी से दे सकें।
मॉडल पेपर की अपेक्षा टेस्ट बुक से तैयारी करने में अच्छे अंक प्राप्त होते हैं। मॉडल पेपर में सिर्फ गिने चुने और सटीक शब्दों में उत्तर दिए होते हैं। लेकिन टेस्ट बुक से पढ़ने में पूरे अध्याय पर ध्यान रहता है। अभ्यास के लिए अनसॉल्वड पेपर हल करें। प्रार्थनापत्र लेखन को तय प्रारूप में ही लिखना सीखें। अच्छे लेखन के लिए लगातार अभ्यास में जुटे रहें। समय बर्बाद न करें।
इन बातों का रखे खास ध्यान
- टेंस और एक्टिव-पैसिव पर खासा ध्यान दें।
- लघु प्रश्नों के उत्तर लघु रूप में ही दें। इससे समय की बचत होगी।
- विषय शिक्षक से लगातार संपर्क में रहें।
- अनसीन पैसेज पर भी ध्यान दें।
पढ़ाई के साथ नींद का भी रखें ध्यान
बकेवर। चिकित्सकों का कहना है कि पढ़ाई के साथ भरपूर नींद लें। तनाव न लें और अध्ययन के लिए समय सारिणी बनाकर तैयारी करें।
50 शैया अस्पताल के चिकित्सक डॉ. सौरभ यादव ने बताया कि परीक्षा की तैयारी कर रहे बच्चों का सोने का समय अनियमित और कम हो जाता है। बच्चे देर रात तक जागकर सुबह जल्दी उठकर अध्ययन कर रहे हैं। नींद कम लेने से शरीर पर बुरा असर पड़ता है। शरीर सुस्त और भारी लगने लगता है। जो शरीर और मस्तिष्क दोनों के लिए ठीक नहीं है।
ऐसे में पढ़ाई के साथ-साथ नींद और खाने-पीने का भी ध्यान रखें। शरीर को पर्याप्त आराम देने की जरूरत है। सात से आठ घंटे की अच्छी नींद प्रतिदिन जरूर लें।
लार्ड मदर सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि विद्यार्थी दिनचर्या नियमित रखें। जो विषय अच्छे से तैयार हैं, उसका रिवीजन जरूर करें। पौष्टिक खानपान अपनाएं, खुद पर ज्यादा दबाव महसूस न करें। (संवाद)