उदी। ब्लॉक कार्यालय बढ़पुरा में हुई क्षेत्र पंचायत की बैठक में 13.68 करोड़ के बजट को स्वीकृति प्रदान की गई। वित्त वर्ष 2023-24 में होने वाले विकास कार्यों पर यह धनराशि खर्च की जाएगी।
शनिवार को ब्लॉक प्रमुख गणेश राजपूत की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें सदर विधायक सरिता भदौरिया मुख्य अतिथि रहीं। सदर विधायक ने कहा कि सभी जन प्रतिनिधियों को दायित्वों की जिम्मेदारी करना आवश्यक है।
खंड विकास अधिकारी बढ़पुरा मानू लाल ने कहा कि वर्ष 2022-23 में प्रस्तावित सभी विकास कार्य लगभग पूर्ण हो चुके हैं। कुछ हैं उन्हें अति शीघ्र पूर्ण कराने का प्रयास किया जा रहा है। 308 आवास आवास स्वीकृत हुए थे, जिनमें 250 पूरे हो चुके हैं। शेष आवास भी 31 मार्च से पहले पूरे कराए जाएंगे। बैठक में सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण शिवम पाल ने वृद्धा, विधवा व दिव्यांग पेंशन के बारे में सदन को जानकारी दी। बाल विकास परियोजना अधिकारी बढ़पुरा लतिका सिंह ने आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति व पोषाहार वितरण के बारे में बताया।
बैठक में वर्ष 2023-24 में क्षेत्र पंचायत द्वारा कराए जाने बाले विकास कार्यों के लिए मनरेगा योजना के बजट 12 करोड़ 12 लाख 98 हजार रुपये एवं क्षेत्र पंचायत के बजट एक करोड़ 55 लाख 77 हजार रुपये की राशि अनुमोदित की गई। बैठक में पूर्व ब्लॉक प्रमुख बढ़पुरा शिवप्रताप राजपूत, भाजपा नेता एमपी सिंह तोमर, श्याम चौधरी, अशोक चौहान, दिनेश भदौरिया, अखिलेश मिश्रा आदि मौजूद रहे।