पेट्रोल वैगन ट्रेन से बहता पेट्रोल।
- फोटो : अमर उजाला
भरथना रेलवे स्टेशन की लूप लाइन में खड़ी पेट्रोल वैगन ट्रेन में सोमवार रात बॉटम वाल्व लीक होने से दर्जनों लीटर पेट्रोल बह गया। मौके पर पहुंचे पोर्टर ने इसकी जानकारी स्टेशन मास्टर को दी। टीएक्सआर टीम रात में ही बाटम वाल्व में लीकेज ठीक कर लौट गई। लेकिन इसके बाद भी पेट्रोल रिसता देख मंगलवार सुबह लोग डिब्बों व कट्टियों में पेट्रोल भरकर ले गए। इसकी सूचना पर रेलवे ने दोबारा वैगन को ठीक कराया।
सोमवार रात साढ़े नौ बजे डाउन ट्रैक पर अमौसी जा रही पेट्रोल वैगन ट्रेन भरथना स्टेशन पर रुकी थी। ट्रेन के स्टेशन पर रुकने पर पोर्टर जब ट्रेन को लॉक करने पहुंचा तो उसने दो वैगन से पेट्रोल रिसता देखा। तुरंत ही इसकी जानकारी स्टेशन मास्टर को दी। बताया कि वैगन नंबर एसबीसी 40140880377 बीटीपीएनए एनसीआर और 40131245512 बीटीपीएनए के बाटम वाल्व से पेट्रोल लीकेज हो रहा है। रेलवे के टीएक्सआर विभाग के कर्मचारियों ने रात एक बजे बाटम वाल्व की मरम्मत की। सब ठीक होने की रिपोर्ट देकर टीम लौट गई। मंगलवार सुबह स्टेशन पर टहलने आए लोगों ने ट्रेन से पेट्रोल का तेज रिसाव होते देखा। उन्होंने कई लोगों के डिब्बे व कट्टियों में पेट्रोल भरकर ले जाने की सूचना स्टेशन मास्टर को दी। टीएक्सआर टीम तीन घंटे बाद मौके पर पहुंची। टीएक्सआर विभाग के प्रभारी हीरालाल और गंभीर सिंह ने पेट्रोल रिसाव को बंद किया।