हनुमंतपुरा चौराहे पर जाम लगाए ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
सहसों थाना क्षेत्र के गांव रानीपुरा स्थित सरकारी नलकूप पर काम करते समय करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई। घटना से गुस्साए लोगों ने मृतक के परिजनों संग मुआवजे की मांग कर हनुमंतपुरा चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। एसडीएम अक्षय त्रिपाठी व सीओ राम कृपाल भारती के समझाने पर लोग शांत हुए। इस दौरान करीब दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा।
गांव सघुआ का पुरा निवासी सर्वेंश कुमार (30) पुत्र बाबूराम दोहरे नलकूप आपरेटर होशियार सिंह के साथ हेल्पर था। रविवार को वह रानीपुरा के पास स्थित एक नलकूप को ठीक कर रहा था। अचानक उसे करंट लग गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसकी जानकारी पर परिजन मौके पर पहुंचे और आर्थिक सहायता की मांग की। आक्र ोशित लोगों ने पहले रानीपुरा के पास जाम लगाया। बाद में उन्होंने हनुमंतपुरा चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। एसओ सहसों रामवीर सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। लोगों ने उनकी एक न सुनी। एसडीएम और सीओ ने मृतक के परिजनों को सरकार से आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने जाम खोल दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।