इटावा। चौबिया थाना क्षेत्र के गांव बरालोकपुर में मजदूरी करने जा रहे एक मजदूर की अचानक गश खाकर गिरने से मौत हो गई। बसरेहर थाना क्षेत्र के गांव शेखूपुर सरैया निवासी मजदूर धर्मवीर सिंह (44) मंगलवार सुबह वह गांव बरालोकपुर में लेंटर का जाल बांधने के काम पर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बरालोकपुर पहुंचने के बाद वह गली से गुजर रहे थे तभी अचानक गश खाकर गिर पड़े। इसी दौरान उनके मुंह से खून निकल आया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। बाद में परिजन शव को घर ले गए, जहां उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।