इटावा। तीन दिवसीय स्वच्छता अभियान के तहत तीन कूड़ाघरों को चिह्नित कर सुंदरीकरण कराया जाएगा। इन सभी जगहों पर सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे।
प्रदेश सरकार ने एक से तीन दिसंबर तक स्वच्छता अभियान चलाने के आदेश दिए हैं। शहर क्षेत्र में भी सफाई कराई जाएगी। नगर पालिका प्रशासन ने शादी लाल धर्मशाला के सामने, रामलीला रोड और रामनगर फाटक के पास स्थित कूड़ाघर चिह्नित किए हैं। इन सभी जगहों पर सफाई कराने के बाद पौधे लगाए जाएंगे। चहारदीवारी पर पेंटिंग की जाएगी।
यहां पर सेल्फी प्वाइंट भी बनवाए जाएंगे। इसके लिए दो लाख रुपये का बजट दिया गया है। ईओ विनय कुमार मणि त्रिपाठी ने बताया कि शासन के आदेश पर तीन दिन तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। सेल्फी प्वाइंट बनाकर लोगों का यहां आने के लिए प्रेरित किया जाएगा।