भरथना। जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व जिलाध्यक्ष उदयभान सिंह यादव ने किसानों को फसल बिक्री की धनराशि का भुगतान किए जाने की मांग की।
उन्होंने बताया कि ब्लॉक भरथना के अंतर्गत किसान सेवा सहकारी समिति लिमिटेड, साम्हो एट पाली सरकारी गेहूं क्रय केंद्र पर किसान राजपाल सिंह निवासी पाली कलां ने 6 जून को 39 क्विंटल 50 किलो ग्राम गेहूं बेचा था। कहा गया कि तीन दिन में भुगतान आरजीएस के माध्यम से बैंक खाते में पहुंचेगा। 80 दिन बाद भी भुगतान बैंक में नहीं पहुंचा। उन्होंने कहा कि किसान का भुगतान न होने के कारण इस कोरोना काल में बहुत परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी ने सभी किसानों का भुगतान हो जाने का दावा किया है। जबकि एक उदाहरण राजपाल सिंह किसान का है। ऐसे प्रकरण और भी हो सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि किसान के गेहूं का भुगतान शीघ्र कराया जाए। संवाद