बकेवर। चार माह से लापता युवक की पत्नी ने कोर्ट के आदेश पर चार लोगों के खिलाफ अपहरण, मारपीट और धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता ने पति की हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
थानाक्षेत्र के ग्राम लालपुरा निवासी अखिलेश कुमारी ने बताया कि ग्राम पुरावली निवासी सोनू दुबे 25 नवंबर की रात उसके घर आया था। उसके कहने पर वह पति बृजेश कुमार उर्फ रामू (33) ट्रक लेकर कानपुर के लिए निकल गए थे। इसके बाद पति का पता नहीं चला। 27 नवंबर को वह ट्रांसपोर्ट कंपनी पर गई तो सोनू ने कोई जवाब नहीं दिया और गालीगलौज कर धमकी देकर भगा दिया। अखिलेश कुमारी ने आशंका जताई है कि सोनू ने साथियों के साथ मिलकर पति का अपहरण किया और फिर कहीं ले जाकर हत्या कर दी है। पति का मोबाइल फोन बंद कर दिया है।
थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर सोनू दुबे निवासी पुरावली थाना बकेवर, रामू दुबे निवासी मोतीगंज थाना भरथना, हरिओम व भीम के खिलाफ अपहरण, मारपीट और जान से मारने की धमकी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। बृजेश के सोनू दुबे पर कुछ रुपये बकाया थे। इसी को लेकर विवाद चल रहा था।