भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री डा. राम शंकर कठेरिया शनिवार को पार्टी के प्रदेश सचिव गीता शाक्य के ग्राम सिहुॅआ पहुंचे। वहां पर उन्होंने किसानों की पीड़ा सुनी।
बेमौसम बरसात और ओलो से पीड़ितों के खेतों पर जाकर फसल की तबाही भी देखी। इस दौरान मौजूद उपजिलाधिकारी भरथना से पीड़ित किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा देने को कहा।
इससे पूर्व डा. कठेरिया का नगर आगमन पर स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने भरथना में बर्फानी धाम में नेत्र चिकित्सा शिविर का उद्घाटन किया। कुछ देर वहां रुकने के बाद उन्होंने सिहुॅआ पहुंचकर किसानों से मुलाकात की। फिर गीता शाक्य के आवास पर रुके और बाद में अपने पैतृक गांव नगरिया सरावा पहुंचे।
वहां पर आयोजित एक सभा में उन्होंने क्षेत्र में अगले महीने की 2 तारीख को अपनी माता शांति देवी के नाम पर गर्ल्स इंटर कालेज की आधारशिला रखने की घोषणा की। साथ ही कहा कि गांव में 40 सोलर लाइटें लगवाएंगे। इस मौके पर उन्होंने जगह मिलने पर एक अस्पताल और एक धर्मशाला बनवाने की बात भी कही।
इससे पूर्व भरथना में जिलाध्यक्ष गोपाल मोहन शर्मा, नगर अध्यक्ष हरिओम दुबे, डा. रामस्वरुप यादव, रामपाल सिंह राठौर, प्रभाकर गुप्ता, सुभाष चंद्र यादव, डा. उमाकांत गुप्ता, मगल सिंह भदौरिया आदि ने स्वागत किया। भाजपा जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में जिले की सीमा पर भी मंत्री का स्वागत किया गया। गांव में पहुंचने पर महिलाओं ने उनकी आरती भी उतारी।
वह अपने गांव में लोगों के बीच भावुक भी हुए। बोले, आज यह सब देखने के लिए माता-पिता जिंंदा नहीं हैं। जसवंतनगर में डा. कठेरिया का भावलपुर मोड़ के पास स्वागत किया गया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि मोदी सरकार देश की अर्थ व्यवस्था को मजबूत करने में जुटी है। सरकार का प्रयास है कि आम आदमी विकास की रफतार में सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चले।
स्वागत करने वालों में डा. राजबहादुर यादव, राकेश पाल, बटेश्वरी दयाल प्रजापति, रवींद्र गुप्ता, सियाराम वकील, यदुवीर सिंह यादव, लज्जा राम प्रजापति, अंकित पाल, शैलेंद्र चौधरी, महेश चंद्र गुप्ता, सुरेश गुप्ता आदि भी शामिल रहे।
अखिल भारतीय परिषद ने ज्ञापन देकर प्रदेश में नकल माफिया के हावी होने का आरोप लगाते हुए उनसे यूपीपीएससी के अध्यक्ष को हटाने की मांग की।