कस्बा के ढाबा संचालक लालजी शर्मा की मौत की विवेचना अब कानपुर देहात जिले की पुलिस करेगी। परिजनों की मांग पर विवेचना कानपुर देहात को स्थानांतरित की गई है।
कस्बा के पटेल नगर निवासी ढाबा संचालक अवनेशचंद्र उर्फ लालजी शर्मा (53) की नौ जुलाई को कस्बा के चौराहे पर एक बोलेरो गाड़ी के टक्कर मारकर कुचल देने से अस्पताल में मौत हो गई थी।
मृतक ढाबा संचालक के भाई अश्वनी शर्मा, भुवनेश व अखिलेश शर्मा ने इस संबंध में साजिशन हत्या का मामला कस्बा के मनीष व केशव पुत्रगण राकेश कुमार निवासीगण लोहियानगर बकेवर और मोहित तिवारी, अजय पांडेय नाम पता अज्ञात के विरुद्ध दर्ज कराया था। मामले की विवेचना बकेवर थाना के एसएसआई सुरेशचंद्र कर रहे थे।
थाना पुलिस की कार्रवाई से मृतक के परिजन संतुष्ट नहीं थे। उन्होंने कई बार एसएसपी आकाश तोमर से मुलाकात की और आईजी कानपुर रेंज मोहित अग्रवाल से मुलाकात कर विवेचना किसी अन्य जिले से कराने की मांग की थी।
इस पर आईजी के आदेश पर विवेचना अब कानपुर देहात जिले की पुलिस को स्थानांतरित कर दी गई है। थाना प्रभारी बकेवर रमेश सिंह ने बताया कि आईजी की ओर से आदेश आते ही बकेवर थाना पुलिस ने उक्त विवेचना से संबंधित सभी दस्तावेजों को कानपुर देहात जिले को भिजवा दिया।