कालीवाहन मंदिर प्रांगण में गिरे झंडे।
- फोटो : अमर उजाला
शहर के दक्षिणी क्षेत्र में स्थित शक्ति पीठ कालीवाहन मंदिर में रविवार की सुबह प्रसाद वितरण के समय चढ़ाए गए झंडे अचानक भरभरा कर गिर पडे़। झंडे गिरने से मंदिर परिसर में अफरातफरी मच गई। लेकिन इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है।
मंदिर में नवरात्र के अवसर पर लोगों ने मनौतियां मांगते हुए सैकड़ों की तादाद में झंडे चढ़ाए थे। शनिवार को माता रानी के श्रृंगार के बाद रविवार की सुबह मंदिर परिसर में प्रसाद वितरण हो रहा था। तभी दीवार के सहारे चढ़ाए गए झंडे अचानक भरभरा कर गिर गए।
इससे वहां अफरातफरी मच गई, लेकिन गनीमत यह रही कि इससे किसी को चोट नहीं आई। चौकी इंचार्ज माता पाल ने जैसे ही झंडा गिरने की अवाज सुनी उन्होंने पुलिस एवं पीएसी के साथ पहुंचकर श्रद्धालुओं को सावधान किया।
ऐसा वाकया देखकर श्रद्धालुओं ने देवी मां का आभार प्रकट किया। साथ ही यह भी कहा कि मंदिर कमेटी की तरफ से झंडों को व्यवस्थित करने का कोई काम नहीं किया गया। सारे झंडे एक के ऊपर लगाकर रख दिए गए। श्रद्धालुओं ने मंदिर कमेटी की इस लापरवाही पर रोष व्यक्त किया है।