उत्तर प्रदेश ग्रामीण आुयर्विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान में जूनियर डाक्टर और सीनियर रेजीडेंट डाक्टरों ने मारपीट के विरोध में शुक्रवार को धरना देकर हड़ताल रखी। ओपीडी और इमरजेंसी सेवा ठप रहने से मरीजों को दिक्कतें हुईं।
कई तो स्ट्रेचर पर ही पड़े रहे। मजबूरी में तीमारदार उन्हें दूसरे अस्पताल ले गए। उधर धरना दे रहे जूनियर डाक्टरों ने कहा कि आश्वासन के बाद भी पुलिस ने अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की है। उन्होंने पुलिस प्रशासन और रिम्स के डायरेक्टर से जान माल की सुरक्षा की व्यवस्था करने की मांग की।
गौरतलब है कि कई दिन पहले वार्ड में मरीज के तीमारदार और जूनियर डाक्टर से विवाद हुआ था। बताते हैं कि जूनियर डाक्टरों ने नीरज यादव को पीट दिया था। उसने बर्न वार्ड में बुधवार को एक जूनियर डाक्टर को पीट दिया। फिर जूनियर डाक्टरों ने अस्पताल परिसर में एंबुलेंस में तोड़फोड़ कर दी।
गुुरुवार को इटावा से मेडिकल कालेज जा रहे एक डाक्टर की एंबुलेंस चालकों ने पिटाई कर दी। इससे उग्र जूनियर डाक्टरों ने रिम्स के प्रभारी डायरेक्टर प्रो पीएस सिंह और सीओ सैफई अरुण कुमार दीक्षित से शिकायत की। बाद में एसओ की तरफ से आरोपी नीरज यादव और कल्लू के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई।
डाक्टर मानस ने बताया कि आए दिन डाक्टरों से मारपीट की जाती है। आरोप लगाया कि प्रभारी डायरेक्टर और पुलिस प्रशासन ने कहा कि यहां तो ऐसे ही काम करना पड़ेगा इसलिए हम लोगों ने इस्तीफा भी दे दिया था।
उन्होंने कहा कि सीओ ने अब एफआईआर की कापी दे दी है इसलिए शाम को पांच बजे तक धरना समाप्त कर दिया गया। सीओ ने बताया कि एसओ की तरफ से हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास भी किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले से उच्च अधिकारियों और शासन को भी अवगत करा दिया गया है।
जूनियर डाक्टरों से हड़ताल समाप्त करने की अपील की गई है। उधर प्रभारी निदेशक प्रो पीएस सिंह ने कहा कि जूनियर डाक्टरों को हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटने के लिए कहा जा रहा है।
शिवपाल ने भी ली जूनियर डाक्टरों की हड़ताल की जानकारी
ऊसराहार। सपा के राष्ट्रीय महासचिव व लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव शुक्रवार को अचानक सैफई पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अफसरों से रिम्स की हड़ताल के बारे में जानकारी की। श्री यादव को शनिवार को आगरा जाना है इसलिए वह दोपहर में ही सैफई आ गए।
यहां पर रिम्स में जूनियर डाक्टरों और सीनियर रेजिडेंट डाक्टरों की हड़ताल के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर आदर्श शिक्षा मित्र वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष उदयवीर सिंह, महामंत्री मित्रसेन चौहान आदि ने ज्ञापन देकर सभी शिक्षा मित्रों के समायोजन की मांग की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से बात कर सभी का समायोजन कराया जाएगा।