क्राइस्ट चर्च में जब जिंगल बेल.. जिंगल बेल गाना गूंजा तो युवा मस्ती में डूब गए। हर्षोल्लास के साथ क्रिसम्रस मनाया गया। हालांकि कोरोना संक्रमण के कारण आयोजन उस धूमधाम से नहीं मना जैसे हर साल मनता था। क्रिसमस को लेकर खास चहल पहल देखने को नहीं मिली।
क्राइस्ट चर्च में सुबह 10 बजे से प्रार्थना सभा हुई। मुख्य प्रवेश द्वार पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई ताकि भीड़ एकत्र न हो। बिना मास्क के किसी को प्रवेश नहीं मिला।
सुबह की प्रार्थना पादरी विशाल चरन ने कराई। पादरी ने लोगों से कहा कि कोरोना की वजह से सरकार की गाइड लाइन का पालन किया गया है। खुशी के मौके पर किसी को भी अंदर आने से रोका नहीं गया है।
एक स्थान पर ज्यादा भीड़ न हो इसका ध्यान रखा गया है। प्रार्थना में कोरोना महामारी से मानव जाति को बचाने की प्रार्थना भी की गई। फादर ने क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं। चर्च परिसर में प्रभु यीशू के जन्म से संबंधित झांकियां भी सजाईं गईं।
क्रिसमस पर बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला। शुक्रवार को क्रिसमस ट्री बनाकर और सेंटाक्लॉज की पोशाक पहनकर एक दूसरे को टॉफी बांटकर खुशियां मनाई।
मोहल्ला गिरधारीपुरा में पूर्व सभासद कैलाश नारायण ओझा के निवास पर अक्षय कुमार ने सैंटाक्लॉज की पोशाक में बच्चों के साथ खूब धमाल मचाया।
साथ ही टॉफियां भी बांटी। इस दौरान आदी, मासूम, गुनगुन, गोलू, जिसु, अभय, उत्कर्ष, राखी, प्रियांशु, नितिन आदि बच्चे शामिल रहे।