कार्यक्रम प्रस्तुत करते कलाकार ।
- फोटो : अमर उजाला
महोत्सव पंडाल में रविवार रात कल्चरल नाइट का आयोजन किया गया। इसमें अलीगढ़ मुस्लिम यूनीवर्सिटी के छात्र-छात्राओं संग नदीम ग्रुप आफ अलीगढ़ ने खूब रंग जमाया। जिंदगी एक सफर है सुहाना गीत सुनकर लोग झूम उठे। कलाकारों ने स्वच्छता और एकता का भी संदेश दिया।
कल्चरल नाइट का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी शमीम अहमद ने दीप जलाकर किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं का ये ग्रुप विभिन्न जनपदों में पहुंचकर कार्यक्रम प्रस्तुत कर निशक्तों के लिए धनराशि जुटा उनके हित में कार्य करता है। कार्यक्रम की शुरुआत ग्रुप के कलाकारों ने पाकीजा फिल्म के गीत दिल चीज क्या है आप मेरी जान लीजिए से की। इसके बाद उन्होंने एक के बाद गीतों पर कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीत लिया। बीच-बीच में कलाकारों ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया। ग्रुप के म्यूजिक डायरेक्टर रियाज अहमद की अगुवाई में कलाकारों ने गीत जिंदगी का सफर, है ये कैसा सफर प्रस्तुत किया। जिस पर पंडाल में बैठे दर्शक भी गुनगुनाने लगे। ग्रुप के 30 कलाकारों ने बैंड की धुन से सभी का मनोरंजन किया। नाटक के माध्यम से स्वच्छता का भी संदेश दिया। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, एसडीएम सदर सुभाष चंद्र प्रजापति आदि महोत्सव समिति के सदस्य मौजूद रहे।