फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शेर मनन के साथ जोड़ा बनाएगी शेरनी जेसिका

Wed, 30 Dec 2015 11:35 PM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला, इटावा
विज्ञापन
विज्ञापन
लायन सफारी में सोमवार रात पहुंचे शेर (पटौदी) और दो शेरनी (तपस्या व जेसिका) का विशेषज्ञ और डाक्टर खास ख्याल रख रहे हैं। उनकी हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। शेर, शेरनियां कितनी देर जागे और कितनी देर सोए, इसका चार्ट भी तैयार किया जा रहा है।
विज्ञापन


शेर, शेरनियों के बाड़े का तापमान गुजरात के जूनागढ़ के तापमान के समान 15 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रखा जा रहा है। सूत्रों ने बताया शेरनी जेसिका का जोड़ा सफारी में पहले से मौजूद शेर मनन के साथ बनाने की तैयारी चल रही है।
पटौदी, तपस्या व जेसिका के लिए ब्रीडिंग सेंटर पर कई विशेष इंतजाम किए गए हैं।

लंबे समय तक जूनागढ़ में वैटनरी डाक्टर के पद पर रह चुके डा. सीएन बुहा को अब सफारी का सलाहकार बनाया गए है। लायन सफारी के डा. अरविंद त्रिपाठी नए मेहमानों की मानीटरिंग कर रहे हैं। सफारी पहुंचने के बाद तीनों का डाक्टरी परीक्षण किया गया, सभी स्वस्थ हैं।
विज्ञापन


पटौदी व तपस्या को कुरनटाइन हाउस में और शेरनी जेसिका को एनिमल हाउस में रखा गया है। दोनों ही स्थानों पर सर्दी के मौसम के चलते बाड़ों में पुआल बिछाया गया है और बाडे़ के चारों ओर पालीथिन लगाई गई है। बाड़े के तापमान को मेंटेन करने के लिए रूम हीटर लगाए गए हैं। अगले बीस दिन तक इन मेहमानों की कड़ी निगरानी की जाएगी और उनकी एक-एक गतिविधि को चार्ट पर दर्ज किया जाएगा।
 
मनन और जेसिका की होगी जांच
शेरनी जेसिका की जोड़ी मनन के साथ बनाए जाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। सबसे पहले जेसिका और मनन की जेनेटिक जांच की जाएगी। जिसमें यह जांचा जाएगा कि कहीं शेरनी जेसिका और शेर मनन एक ही परिवार से ताल्लुक तो नहीं रखते। अगर ऐसा होता है तो इनका जोड़ा नहीं बनाया जाएगा।

विशेषज्ञ के अनुसार, एक ही परिवार के जोड़े के शावकों में संक्रमण जल्द होता है। अगर दोनों अलग-अलग परिवार के हुए तो चार वर्ष के मनन का जोड़ा साढ़े छह साल की शेरनी जेसिका के साथ बनाया जाएगा। इसके लिए उन्हें एक ही ब्लाक के अलग-अलग बाड़े में जान पहचान बढ़ाने के लिए रखा जाएगा।
 
जेसिका को है मां बनने का अनुभव
शेरनी जेसिका जूनागढ़ में एक बार मां बन चुकी है। उसने जन्म के बाद शावकों की पूरी देखरेख की, जिससे वह पूरी तरह से स्वस्थ हैं। उसके इसी अनुभव को देखते हुए लायन सफारी लाया गया है। विशेषज्ञ मानते हैं कि जेसिका सफारी पहुंचकर बेहतर मां सिद्घ होते हुए स्वस्थ शावकों को जन्म देगी।
 
मनन के गुस्से का शिकार हुई थी कुंवारी
लायन सफारी में छह माह पूर्व जब शेर मनन व शेरनी कुंवारी को एक बाड़े में मिलन के लिए छोड़ा गया था तो अचानक उग्र हुए मनन ने कुंवारी पर हमला कर घायल कर दिया था। डाक्टरों ने कड़ी मेहनत के बाद कुंवारी को बचाया था। अब मनन को जेसिका के साथ मिलन कराने की तैयारी है। 
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें