इटावा। सफारी पार्क में कोरोना संक्रमित हुई शेरनी जेनिफर और गौरी के स्वास्थ्य में पहले से काफी सुधर है। दोनों शेरनियों की सक्रियता और उछल कूद देख सफारी पार्क के अधिकारियों ने राहत की सांस ली है। शुक्रवार को दोनों का ब्लड सैंपल बरेली स्थित आरवीआरआई सेंटर जांच के लिए भेजा गया है। कोरोना की जांच रिपोर्ट निगेटिव आने पर शेरनियों को अस्पताल से बाहर किया जाएगा।
सफारी पार्क में शेरनी जेनिफर और गौरी सात मई को कोरोना संक्रमित हो गई थीं। आरवीआरआई बरेली से दोनों की कोरोना की जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद इन्हें पार्क में बने अस्पताल में भर्ती किया गया था। दोनों का कानपुर चिड़ियाघर के डॉक्टर की टीम इलाज कर रही है। जाने-माने पशु चिकित्सकों से भी बीमार शेरनियों के इलाज को लेकर मशविरा डॉक्टर व सफारी पार्क के आला अफसर कर रहे हैं।
सफारी पार्क के डिप्टी डायरेक्टर दिवाकर श्रीवास्तव ने बताया कि बीमार शेरनियों जेनिफर और गौरी के स्वास्थ्य में अब काफी सुधार है। दोनों उछल कूद रही हैं। उनकी सक्रियता भी पहले की अपेक्षा बढ़ी है और सामान्य भोजन भी ले रही हैं। यह सब देखते हुए शुक्रवार को इन शेरनियों का ब्लडसैंपल कोरोना की जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ही इन्हें अस्पताल से ब्रीडिंग सेंटर में अन्य शेरों के साथ रखा जाएगा। फिलहाल दोनों को पार्क के अस्पताल में क्वारंटाइन रखा गया है।