जसवंतनगर। थाना क्षेत्र के कोठी कैस्त निवासी फ्लोर मिल के मालिक ने बिजली विभाग के प्रवर्तन दल में कानपुर जोन प्रभारी व दो अवर अभियंताओं सहित आठ लोगों के खिलाफ फ्लोर मिल में तोड़फोड़, गाली-गलौज और मारपीट करने तथा झूठे मुकदमे में जेल भेजने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया गया है। मामला जुलाई माह का है।
जसवंतनगर कस्बा निवासी संतोष सिंह भदौरिया पुत्र जसवंत सिंह ने बताया कि वह भदौरिया ऑयल व फ्लोर मिल कोठी कैस्त का मालिक है। माह जुलाई वर्ष 2018 को आधी रात में प्रवर्तन दल कानपुर जोन की टीम के प्रभारी बृजेश कुमार मिश्रा, प्रबल प्रताप सिंह अवर अभियंता, लालजी उप निरीक्षक व तीन सिपाहियों, मो. यातीन, अनेक सिंह, मनोज कुमार तथा विद्युत विभाग के स्थानीय अवर अभियंता संजय कुमार कौशल, लाइनमैन रवि के साथ अचानक उसके मिल पर पहुंचे और ताला लगा देखकर मिल क्षतिग्रस्त करने की मंशा से बेल्चा की मदद से खिड़कियां तोड़ने लगे। इस दौरान चौकीदार को मारते पीटते हुए झूठी रिपोर्ट उसके बेटे रामू के नाम दर्ज करवा दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।