जसवंतनगर। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में सोमवार को जनपद स्तरीय स्कूल बैंड वादन प्रतियोगिता हुई। इसमें विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में दिल्ली पब्लिक स्कूल, इटावा की टीम ने पाइप बैंड और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, जसवंतनगर की छात्राओं ने ब्रास बैंड वर्ग में पहला स्थान प्राप्त किया। दोनों विजेता टीमें अब मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगी।
प्रतियोगिता के दौरान छात्र-छात्राओं ने बैंड वादन की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर अतिथियों और शिक्षकों का ध्यान आकर्षित किया। जीजीआईसी टीम के कोच रंजीत और डीपीएस के कोच सूरज सिंह ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया। शानदार प्रदर्शन के बाद दोनों विद्यालयों की टीमों को विजेता घोषित किया गया। कार्यक्रम में जीजीआईसी की प्रधानाचार्य प्रज्ञा ने मुख्य अतिथियों का पुष्प भेंट कर और पटका पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर जिला समन्वय अधिकारी रत्नेश सिंह, प्रधानाचार्य रीना यादव (राजपुर तमैरी), हिमांशु यादव (राजकीय इंटर कॉलेज सिंडोस), संजीव कुमार (प्रधानाचार्य, हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज जसवंतनगर) और कमल किशोर कनौजिया सहित शिक्षक व अतिथि मौजूद रहे। निर्णायक मंडल में सुघर सिंह इंटर कॉलेज के रंजीत सिंह चौधरी और जवाहर इंटर कॉलेज बुआपुर के मनोज यादव शामिल रहे।