इटावा। मैनपुरी लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जसवंतनगर क्षेत्र की मतगणना शहर के दुग्ध प्रौद्योगिकी महाविद्यालय में गुरुवार सुबह आठ बजे से होगी। 14 मेजों पर 34 राउंड में वोटों की गिनती की जाएगी। इसके लिए पुलिस प्रशासन की तरफ से तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। यहां की जनता का मत काफी हद तक ये तय करेगा कि साइकिल और कमल में कौन आगे रहेगा।
मुलायम सिंह के निधन के बाद रिक्त हुई मैनपुरी सीट पर सपा से जहां डिंपल यादव प्रत्याशी हैं, वहीं भाजपा से रघुराज शाक्य मैदान में हैं। दोनों ही पार्टियां इस सीट को जीतना चाहती हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इसे नेताजी से जुड़ा चुनाव बताकर जनता का समर्थन मांगा था। अब मतगणना को लेकर दोनों ही पार्टियों में बेचैनी है।
बुधवार को डीएम अवनीश कुमार राय और एसएसपी जय प्रकाश ने मतगणना केंद्र पर जाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एसएसपी ने बताया कि कोई भी एजेंट व प्रत्याशी मतगणना स्थल पर मोबाइल फोन व ज्वलनशील पदार्थ लेकर नहीं जाएगा। पुलिस, पीएसी, होमगार्ड और पैरामिलेट्री फोर्स की निगरानी में मतगणना होगी। सीसीटीवी कैमरों से भी नजर रखी जाएगी।
मतों की गिनाती के लिए लगाई जाने वाली प्रत्येक टेबिल परचार कर्मी मौजूद रहेंगे। इसमें एक गणना पर्यवेक्षक, एक गणना सहायक, एक गणना माइक्रो ऑब्जर्वर और एक चतुर्थ श्रेणी कर्मी मौजूद रहेंगे। चतुर्थ श्रेणी कर्मी स्ट्रांग रूम से मेज तक ईवीएम लाने और ले जाने का कार्य करेंगे।
इस तरह सौंपी गई अधिकारियों को जिम्मेदारी
मतगणना निष्पक्ष कराने के लिए डीएम ने जिले के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की है। इसके तहत सिटी मजिस्ट्रेट अरुण कुमार गौड़ को मतगणना स्थल के अंदर एवं बाहर के संपूर्ण क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है। एसडीएम ताखा देवेंद्र कुमार पांडेय और एसडीएम न्यायिक गुलाब सिंह को दुग्ध प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के बाउंड्रीवाल गेट नंबर दो पर मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया गया है। एसडीएम न्यायिक सदर कौशल कुमार को सहायक रिटर्निंग आफिसर, एसडीएम जसवंतनगर ज्योत्स्ना बंधु के साथ सहयोग व सूचनाओं के आदान प्रदान के लिए तैनात किया गया है। एसडीएम चकरनगर मलखान सिंह को मतगणना हॉल में संपूर्ण व्यवस्था के लिए नामित किया गया है।