इटावा। लॉयन सफारी घूमने जाने वाले पर्यटकों को अब चार और शेरनियों के दीदार होंगे। बुधवार को नीरजा, गार्गी, रूपा और सोना शेरनियों को सफारी में विचरण के लिए छोड़ दिया गया। वहीं अगले सप्ताह तक बब्बर शेर कान्हा के भी छोड़े जाने की उम्मीद है।
बब्बर शेर मनन और शेरनी तेजस्विनी की मौत के बाद अब लॉयन सफारी में आठ बब्बर शेर और नौ शेरनियां बची हैं। इनमें से अभी तक चार शेरनियों और बब्बर शेर को बाड़े में ही रखा गया था। बुधवार को नीरजा, गार्गी, रूपा और सोना शेरनियों को छोड़ दिया गया है। अब यह सफारी पार्क में पर्यटकों को विचरण करती नजर आएंगी।
बब्बर शेर भरत को अब बाड़े में कर दिया गया है। अब उसके दीदार पर्यटकों को नहीं हो सकेंगे। हालांकि इसके स्थान पर शेर कान्हा को जल्द ही छोड़ने की तैयारी है। उपनिदेशक अरुण कुमार ने बताया कि शेर कान्हा के स्वभाव को समझा जा रहा है।