इटावा। इटावा महोत्सव एवं प्रदर्शनी पंडाल में गुरुवार को आयोजित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में बच्चों ने विविध परिधानों के माध्यम से एक से बढ़कर एक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ‘अ’ वर्ग से जाश्वी पटेल, ‘ब’ वर्ग से आव्या तथा ‘स’ वर्ग से तेजस वर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ‘स’ वर्ग में अर्चना मेमोरियल स्कूल के बच्चों ने तीनों पुरस्कार अपने नाम किए। बच्चों की बेहतरीन प्रस्तुति पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाकर हौसला बढ़ाया।
फैंसी ड्रेस शो प्रतियोगिता तीन वर्गों में हुई। अ वर्ग में चार से सात साल, ब वर्ग में आठ से 11 वर्ष तथा स वर्ग में 12 से 14 वर्ष के बच्चों ने भाग लिया। प्रदर्शनी के मंच पर अपनी विविध वेशभूषा के जरिए दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विविध वेशभूषा में सजे बच्चों के साथ अतिथियों ने फोटो खिंचवाकर सेल्फी ली। निर्णायक की भूमिका आरपी पांडे, डॉ. पद्मा त्रिपाठी तथा डॉ. इंदुबाला मिश्रा ने निभाई।
‘अ’ वर्ग में पुलिस मॉडर्न स्कूल की जाश्वी पटेल प्रथम, रॉयल ऑक्सफोर्ड स्कूल की भाव्या अग्रवाल द्वितीय एवं संत विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल के अक्षत सक्सेना को तृतीय स्थान मिला।
‘ब’ वर्ग में संत विवेकानंद स्कूल की आव्या को प्रथम, पान कुंअर इंटरनेशनल स्कूल की दिव्यांशी को द्वितीय तथा संत विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल की रिया पाल को तृतीय स्थान मिला। ‘स’ वर्ग में अर्चना मेमोरियल स्कूल के बच्चों ने अपना दबदबा कायम करते हुए तीनों पुरस्कार अपने नाम किए। तेजस वर्मा प्रथम, मांडविक द्वितीय तथा कार्तिक ने तृतीय स्थान हासिल किया।
संस्कृत विद्यालय औरैया से आए बालक कार्तिकेय चतुर्वेदी ने पन्ना धाय का मार्मिक चरित्र चित्रण प्रस्तुत किया। शुभारंभ मुख्य अतिथि सदर विधायक सरिता भदौरिया ने दीप जलाकर किया। इस दौरान इंजीनियर हरि किशोर तिवारी, राकेश चंद्र पाठक, नारायण किशोर वाजपेई, अनंत प्रताप अग्रवाल आदि लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के संयोजक राम मनोहर दीक्षित, सह संयोजक राम कुमार दुबे थे। संचालन सुधीर मिश्र एवं रोहित चौधरी ने किया।