इटावा। मुख्यमंत्री जनता रोडवेज बस सेवा को जिले में हरी झंडी मिल गई है। अगले सप्ताह से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम बनाने के उद्देश्य से परिवहन निगम की यह महत्वपूर्ण योजना शुरू की जाएगी। इन बसों का संचालन सामान्य किराये से 20 प्रतिशत कम किराए पर किया जाएगा। इसकी शुरुआत तीन रूटों से की जाएगी।
परिवहन निगम ने मुख्यमंत्री जनता सेवा के रूप में इन बसों के संचालन का निर्णय लिया है। गांवों में रुकने वाली इन बसों का किराया कम रहेगा। ये बसें इटावा-बाह, इटावा-अछल्दा और इटावा उदी मोड़ के लिए संचालित की जाएंगी। यह बस सेवा ग्रामीणों को डग्गामार वाहनों से भी छुटकारा दिलाएगी। इटावा डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अमित कुमार ने बताया कि जल्द ही अन्य रूटों पर भी बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।