इटावा। ओवरलोड वाहनों समेत सीट बेल्ट और हेलमेट न लगाए जाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार को एआरटीओ व पीटीओ ने करीब 92 वाहनों को चालान किया गया। ओवरलोड बालू लादकर आ रहे दो ट्रकों को वैदपुरा थाने में सीज कर दिया गया। चालान के दौरान 33 हजार 500 रुपये शमन शुल्क वसूल किया गया।
उप संभागीय परिवहन अधिकारी सौरभ कुमार के निर्देशन में जांच अभियान चलाया गया। इसमें उन्होंने कोतवाली क्षेत्र के टिक्सी मंदिर पर वाहनों की जांच की। इसके बाद वैदपुरा में भी उन्होंने वाहनों की जांच कर छोटे बड़े कुल 44 वाहनों को चालान किया। चालान शुल्क के रूप में 26 हजार 500 रुपये वसूल किए गए। वैदपुरा क्षेत्र में मध्य प्रदेश से बालू लादकर जा रहे दो ट्रकों को रोका गया तो ओवरलोड होने के कारण उन दोनों ट्रकों को सीज कर दिया गया।
पीटीओ अरविंद कुमार जैसल ने शुक्रवार को वाहनों की जांच शहरीय क्षेत्र समेत सैफई रोड पर शुरू की। उन्होंने छोटे और बड़े वाहनों को रोककर सीट बेल्ट, हेलमेट समेत वाहनों के कागजातों की जांच की। कागजात पूरे न होने तथा लाइसेंस न मिलने, हेलमेट न होने तथा सीट बेल्ट न होने पर 48 वाहनों का चालान किया गया। शमन शुल्क के रूप में सात हजार रुपये की वसूली की गई। मध्य प्रदेश से बालू लादकर आ रहे ट्रक मालिकों से अंडर लोड बालू लादकर आने की बात कही है। उन्होंने कहा कि वाहनों को निकालते समय अपने घर से यह चैक कर लें कि वाहन संबधी दस्तावेज पूरे हैं या फिर नहीं है। किसी दूसरे का वाहन लाते समय भी इस बात का ध्यान रखा जाए जिससे उनके खिलाफ कार्रवाई न हो। हेलमेट का उपयोग करके अच्छे नागरिक होने का कार्य को पूर्ण करना चाहिए।