इटावा। पुलिस भर्ती परीक्षा को सकुशल और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में डीएम शुभ्रान्त कुमार शुक्ल और एसएसपी ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेटों की बैठक शुक्रवार को हुई। इसमें चौराहों पर पूछताछ केंद्र बनाए जाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में डीएम ने बताया कि जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर 8, 9 और 10 जून को दो पालियों में परीक्षा होगी जिसमें करीब 25 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रत्येक पाली में लगभग 4272 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। उन्होंने केंद्रों के बाहर साइन बोर्ड लगाने, गूगल मैप पर लोकेशन साझा करने और सभी चौराहों पर पूछताछ केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने रैन बसेरों की साफ-सफाई सुनिश्चित कराने व उनकी सूची रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और प्रमुख चौराहों पर चस्पा करने को कहा। परीक्षा केंद्रों पर एंबुलेंस, डॉक्टर, महिला व पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती भी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में आईएएस कोमल पुनिया, एडीएम बिपिन कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।