ब्लाक क्षेत्र में पंचायत चुनाव के लिए शनिवार को मतदान तो शांतिपूर्ण ढंग
से हुआ, लेकिन वोटरों में उत्साह काफी कम रहा। सुबह के पहले दो घंटे जहां
मतदान केंद्रों पर सन्नाटा दिखा, वहीं दोपहर बाद वहां वोटरों की लाइन देखने
को मिली।
खासतौर पर ऐसे मतदान केंद्र जहां बीडीसी सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं, वहां जिला पंचायत सदस्य पद के लिए वोटरों में मतदान का उत्साह कम दिखा। यहां जिला पंचायत सदस्य पद की तीन सीटों व क्षेत्र पंचायत सदस्यों की 51 सीटों के लिए वोट डाले गए। पुलिस ने भैसरई, आलमपुर नरिया व पीहरपुर मतदान केंद्रों से चार लोगों को हिरासत में लिया।
सुबह के वक्त मतदान की गति बेहद सुस्त रही। पहले दो घंटे तक सिर्फ साढ़े सात फीसदी वोट पड़े। 11 बजे तक 19 फीसदी मतदान हुआ। दोपहर एक बजे तक 30 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
सुबह 11.30 बजे तक खेड़ा बुजुर्ग मतदान केंद्र के बूथ संख्या 72 पर 523 में से 215 , 71 पर 531 में से 7, 76 पर 746 में से 240, 77 पर 505 में से 136, 75 पर 469 में से 178 पर वोट पड़े थे। इसी तरह दोपहर करीब साढ़े 12 बजे तक ग्राम बीमामउ में बूथ संख्या 92 पर 715 में से 80, 93 पर 782 में से 83, तिजौरा के बूथ संख्या 97 पर 518 में से 234, जुगौरा पूर्वी बूथ संख्या 117 में 339 में से 258 वोट डाले जा चुके थे।
मतदान के दौरान पूरे क्षेत्र में कोई बड़ी घटना सामने नहीं आई। हालांकि लोगों में नोकझोंक जरूर होती रही। क्षेत्र के ग्राम भैसरई में बार बार मतदान केंद्र पर आने पर पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लेकर बैठा लिया। इसी तरह आलमपुर नरिया मतदान केंद्र व ग्राम पीहरपुर में भी मतदान केंद्रों पर झगड़ने पर पुलिस ने दो व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया।