इटावा। बदलते मौसम में संक्रमित बीमारियों की संख्या में इजाफा हुआ हुआ है। इससे जिला अस्पताल में वायरल फीवर, खांसी, जुकाम के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई हैं। मरीजों को बेहतर और सटीक इलाज देने के लिए डॉक्टर जांच करा रहे हैं। जिससे जांच कराने वालों की संख्या में इजाफा हुआ है। आम दिनों में 260 मरीजों की जांच एक दिन में होती थी अब यह 380 पहुंच गई है।
बुधवार को संयुक्त जिला अस्पताल में 1023 नए मरीजों ने पंजीकरण करवाया। इसमें सबसे अधिक 471 वायरल फीवर, जुकाम, खांसी आदि के पहुंचे। इसमें डॉक्टर ने मरीजों की जांच करने के बाद 380 मरीजों को खून की जांच कराने को लिखा। फिजीशियन डॉ. सौरभ यादव ने कहा कि बारिश के बाद मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। अधिकतर मरीज खांसी-बुखार व उससे होने वाली समस्या से ग्रस्त आ रहे हैं। तीन दिन से अधिक जिन मरीजों को बुखार आ रहा है। उनकी जांच करवाई जा रही है।
जांच रिपोर्ट आने के बाद उन्हें उसी हिसाब से दवा दी जा रही है। उन्होंने बताया कि अधिकतर मरीजों में वायरल की पुष्टि हो रही है। मरीजों को बदलते मौसम में सावधानी बरतने के साथ घर व उसके आसपास सफाई करने की सलाह दी जा रही है।