सैफई महोत्सव में गुरुवार की रात बॉलीवुड कलाकारों की चकाचौंध से जगमगा उठी। शाम सवा सात बजे सीएम अखिलेश यादव ने दीप जलाकर उद्घाटन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री श्री यादव ने इटावा में बनी फिल्म थोड़ा लुत्फ, थोड़ा इश्क का ट्रेलर लांच किया। साथ ही ऑनलाइन सैफई रेडियो का उद्घाटन किया। इसके बाद भव्य मंच पर कलाकारों का धमाल शुरू हो गया। करीब 20 हजार दर्शकों की भीड़ ने कलाकारों का इस्तकबाल किया।
सबसे पहले फिल्मी कलाकार बोमन ईरानी और हुमा कुरैशी कार्यक्रम को होस्ट करते हुए मंच पर आए। विशाल पंडाल में मौजूद दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया। मुंबइया कलाकारों से सजी इस नाइट की शुरुआत प्लेबैक सिंगर अरिजित सिंह ने हम तेरे बिन रह नहीं सकते गाने से की। धमाकेदार म्यूजिक के साथ उनकी आवाज का जादू लोगों पर छा गया।
इसके बाद उन्होंने दिल ठहर जा जरा, हर किसी को नहीं मिलता प्यार जिंदगी में, आज फिर तुम पर प्यार आया है गाने सुनाए। उन्होंने 7-8 गाने सुनाकर अपनी आवाज का जादू बिखेरा। सर्द माहौल में गर्मी का अहसास डांसर नताशा के पंजाबी सांग से हुआ।
इस ग्रुप डांस में नताशा ने मैनू प्यार न मिल्यो जरवाया पर अपनी अदाओं का जलवा बिखेरा। इसके बाद डांसर रिचा चक्रवर्ती ने मनवा लागे रे गीत पर डांस प्रस्तुत किया। विदेशी कलाकार लॉरेन गोकलिन ने भी ग्रुप डांस के जरिए दर्शकों का दिल लूटा।
कोरियोग्राफर श्यामक डाबर के द्वारा कोरियोग्राफ किए गानों पर मुंबइया कलाकारों ने मंच पर धमाल मचाया। जैकलीन फर्नांडीस और सुपर स्टार हिृतिक रोशन के आते ही पूरा पंडाल झूम उठा। पंडाल में मौजूद दर्शकों ने फिल्मी दुनिया से जुड़े कलाकारों की अदाओं और उनके फन का भरपूर लुत्फ लिया।
इस मौके पर सपा मुखिया मुलायम सिंह, शिवपाल सिंह, सांसद प्रो. रामगोपाल यादव, धर्मेंद्र यादव, तेजप्रताप सिंह यादव आदि समेत प्रदेश सरकार के कई मंत्री और प्रमुख अफसर मौजूद रहे।
दस चार्टर प्लेन से लाए गए कलाकार
इससे पूर्व बृहस्पतिवार दोपहर को 10 चार्टर प्लेनों से बॉलीवुड सितारों का कारवां यहां पहुंचा। सैफई हवाई पट्टी पर एक-एक करके सभी प्लेन उतरे तो एयरपोर्ट से नजारा हो गया। प्लेन से रितिक रोशन, परिणीति चोपड़ा, हुमा कुरैशी, जैकलिन फर्नांडीस, सुशांत सिंह, वानी कपूर, रिचा चड्डा, लीजा हैडन, लोरिन डिसूजा, बोमन ईरानी के अलावा प्लेबैक सिंगर अरिजित सिंह, कोरियोग्राफर श्यामक डावर सहित करीब दो दर्जन बॉलीवुड सितारे उतरे। महोत्सव समिति के अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव व संयोजक सांसद तेजप्रताप सिंह यादव ने सभी कलाकारों का स्वागत किया। सभी को कड़ी सुरक्षा के बीच गेस्ट हाउसों में पहुंचाया गया। सितारों के साथ आए क्रू मेंबर सीधे महोत्सव पंडाल पर पहुंचे और परफार्मेंस की रिहर्सल की।