जसवंतनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाइवे पर नगला नवल के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में कार सवार महिला की मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सैफई रिम्स में भर्ती कराया।
गाजियाबाद के सेक्टर 12 वसुंधरा निवासी शिवेंद्र पांडेय पुत्र बीएन पांडेय अपनी बहन दीप्ती (40) पत्नी विनीत त्रिपाठी व भांजे पार्थ त्रिपाठी (12) पुत्र विनीत त्रिपाठी के साथ अपनी स्विफ्ट कार से लखनऊ जा रहे थे। मंगलवार की दोपहर नगला नवल गांव के पास उनकी कार बेकाबू होकर हाइवे किनारे पलट गई।
अचानक कार को पलटा देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सूचना पुलिस को दी। थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को रिम्स में भर्ती कराया। यहां दीप्ती की मौत हो गई। पुलिस ने हादसे की सूचना गाजियाबाद और लखनऊ में रह रहे परिवारीजनों को दी।
थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव ने बताया कि हादसे की सूचना परिवारीजनों को दे दी गई है। उन्होंने आने की बात कही है। परिजनों के आने पर शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि घायलों की हालत ठीक है।
वैन में ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, पिता-पुत्र घायल
भरथना (इटावा)। नगर के आजाद रोड पर सत्यभान सिंह यादव का बुक डिपो है। वे दुकान बंद करने के बाद पुत्र (11) के साथ वैन से भैंसई गांव स्थित अपने घर जा रहे थे। मंदिर दान सहाय से आगे गिरधारीपुरा के पास पहुंचे थे कि सामने से आए ट्रैक्टर ने वैन में टक्कर मार दी।
टक्कर से वैन क्षतिग्रस्त हो गई और पिता-पुत्र घायल होकर अंदर ही फंस गए। चीख पुकार सुनकार आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर चालक को पकड़कर पीट दिया। लोगों ने 40 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद वैन का गेट तोड़ा और घायल को पिता-पुत्र को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी।