लॉकडाउन होने से लोग घरों से बाहर जरुर नहीं निकल पा रहे हैं। लॉकडाउन अवधि लगातार तीसरी बार बढ़ने से अब लोग धार्मिक अनुष्ठान ऑनलाइन करा रहे हैं। ऑनलाइन पूजा पाठ होने पर सामाजिक दूरी और लॉकडाउन का पालन भी हो रहा है।
इंद्रापुर गांव में आचार्य विनोद दुबे धार्मिक अनुष्ठान करा रहे हैं। अनुष्ठान गाजियाबाद में रहने वाले शिवराज सिंह और उनका परिवार कर रहा है।
आचार्य विनोद दुबे और गोपाल दुबे ने बताया कि सात दिवसीय अनुष्ठान काफी पहले ही निश्चित किया गया था।
लॉकडाउन होने से गाजियाबाद जाना संभव नहीं होने पर ऑनलाइन ही जाप करने की योजना बनाई। पांच दिन से सुबह और शाम 2-2 घंटे मंदिर में लाइव कालिंग के जरिए पूजा करा रहे हैं। दूसरी ओर से यजमान अनुष्ठान में भाग लेते हैं।
गाजियाबाद निवासी यजमान शिवराज सिंह ने फोन पर बताया कि उनकी बेटी रूस में मेडिकल की पढ़ाई कर रही है। उसी के लिए यह प्रतिष्ठान रखा था। लॉकडाउन होने से ऑनलाइन अनुष्ठान करवा रहे हैं। इस दौरान बेटी को भी कांफ्रेंस में लेकर अनुष्ठान में शामिल कर लेते हैं।