इटावा। अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस मंगलवार को मनाया गया। इस बार की थीम, हमारा समय अभी है, हमारे अधिकार, हमारा भविष्य रही। इस अवसर पर जिला स्तर की अंडर-14 हॉकी टीम की 14 छात्राओं को सीमित संसाधनों के बाद भी राज्य स्तर पर कांस्य पदक जीतने पर प्रभारी जिला खेल अधिकारी परमजीत ने शुभकामनाएं दीं हैं।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार की ओर से छात्र-छात्राओं के लिए खेलो इंडिया प्लेटफार्म दिया गया है। इसमें बेहतर प्रदर्शन कर बच्चों ने अलग पहचान बनाई है। हॉकी टीम ने पहली बार कांस्य पदक जीता है। इस दिवस का उद्देश्य बालिकाओं को चुनौतियों के बारे में जागरूक कर उन्हें समाज में सम्मान दिलाना है। इसी कड़ी के तहत जिले की अंडर-14 हॉकी टीम की लड़कियों ने राज्य स्तर पर हॉकी खेला है।
माध्यमिक शिक्षा विभाग उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय खेलो इंडिया के तहत हर जनपद से अलग-अलग खेलों के लिए खिलाड़ियों का चयन होना था। इसमें आर्य कन्या इंटर कॉलेज की 11 व अन्य कॉलेजों की तीन छात्राएं चयनित हुईं थीं।
डीआईओएस राजू राणा ने इन छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। टीम की कप्तान लक्ष्मी ने बताया हमारी टीम की लड़कियों के परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। सभी ने बुलंद हौसलों के साथ कड़ी मेहनत कर राज्य स्तरीय खेलो इंडिया प्रतियोगिता में पहली बार कांस्य पदक जीता। टीम ने जनपद इटावा को ही नहीं बल्कि कानपुर मंडल को भी गौरवान्वित किया।
उप कप्तान प्रिया ने बताया के हमने कभी हॉकी तक नहीं पकड़ी थी। कुछ दिनों का कड़ा प्रशिक्षण व पहला प्रयास रंग लाया और कोच शाकिब व व्यायाम शिक्षिका आशा के निर्देशन में हम सभी ने कड़ी मेहनत की। टीम की तेज तर्रार सेंटर फॉरवर्ड खेलने वाली सौम्या ने कहा कि हम पर जीत का दबाव नहीं था। सलोनी ने बताया कि इस जीत ने आत्मविश्वास जगाया है। भविष्य में हम और बेहतर हॉकी खेलेंगे।
आर्य कन्या इंटर कॉलेज की शिक्षिका आशा ने बताया कि 14 सदस्यीय टीम में शामिल लक्ष्मी, सलोनी, अनुष्का, गौरी, नंदनी, आकांक्षा, प्रिया, सौम्या, स्वाति, रिद्धिमा, अर्चना, किरण, माही, वैष्णवी में प्रतिभा बहुत है। अपील करेंगे की समाजसेवी संस्थाएं बच्चियों की मदद करें।
प्रधानाचार्य मनोरमा ने कहा अंडर-14 कानपुर मंडल हॉकी टीम में विद्यालय से 11 लड़कियों का चयन हुआ। ये विद्यालय के लिए गर्व की बात है।