चंदा करके सही कराया गया सिरसा नदी पुल का जानलेवा गड्ढा। संवाद
- फोटो : ETAWAH
जसवंतनगर (इटावा)। नगर के बीच से निकली सिरसा नदी के पुल में एक मीटर चौड़ा गड्ढा होने से दोपहिया वाहन सवार हादसे का शिकार हो रहे थे। दुकानदारों ने समस्या नगर पालिका और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को बताई लेकिन दोनों ही विभागों ने अनदेखी कर दी। परेशान व्यापारियों ने आपस में चंदा कर गुरुवार को पुल का गड्ढ़ा भरवा दिया।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने करीब छह वर्ष पहले नदी पर कंक्रीट का पुल बनवाया था। छह महीने पहले पुल के बीचोबीच छोटा गड्ढा हो गया था। मरम्मत न कराने से गड्ढा धीरे धीरे एक मीटर परिधि में फैल गया। नुकीली सरिया बाहर निकल आईं। लधुपुरा निवासी दुकानदार हाकिम सिंह ने बताया कि गड्ढे और सरिया के कारण दोपहिया वाहन चालक हादसे का शिकार हो जाते थे। समस्या नगर पालिका और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को बताई थी लेकिन सुनवाई नहीं हुई। फक्कड़पुरा निवासी दुकानदार कमलेश कुमार ने कहा कि अधिकारियों ने सुनवाई नहीं की तो दुकानदारों से चंदा करके पैसा इकट्ठा किया। मौरंग, गिट्टी, सीमेंट खरीदा गया और दो घंटे समय देकर गुरुवार को पुल का गड्ढ़ा भरवाया।