बारिश न होने की वजह से खेत में हल चलाती महिलाएं। संवाद
- फोटो : ETAWAH
इटावा। आषाढ़ के बाद सावन का पहला दिन भी सूखा होने से बारिश की कामन के लिए टोटके शुरू हो गए हैं। लोग गर्मी से तो बेहाल हैं ही, फसलों की बुआई भी पिछड़ रही है। गुरुवार को महिलाओं ने हल खींचकर इंद्रदेव से बारिश की कामना की।
देश के कई हिस्सों में जोरदार बारिश शुरू हो चुकी है, लेकिन इटावा में सावन के पहले दिन सूरज जेठ की तरह तपा। गुरुवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे लोग गर्मी से बेहाल रहे। जसवंतनगर इलाके में भतौरा गांव में महिलाओं ने सूखे खेत में हल चलाया और गीत मल्हार गाकर रूठे हुए बादलों को मनाने के लिए टोटका किया। गांव की शकुंतला देवी ने बताया कि इंद्र देव को प्रसन्न करने के लिए हल चलाया जा रहा है। बारिश हो तो बुआई शुरू करें। उधर, मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार शुक्रवार को भी ऐसा ही मौसम रहेगा। शनिवार से बारिश होने की उम्मीद है।