शहर के पक्काबाग क्षेत्र में स्थित रिनेशा एकेडमी में शनिवार को फैंसी ड्रेस शो का आयोजन हुआ। रंग बिरंगे परिधानों में सजे बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। कोई बच्चा टीचर बना तो कोई बच्चा सुदामा के रूप में नजर आया। विजेता बच्चों का मनोबल बढ़ाने के लिए उन्हें पुरस्कृत किया गया।
फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में दो दर्जन से अधिक बच्चों ने बढ़ चढ़कर प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का आयोजन जूनियर और सीनियर वर्ग में किया गया। कार्यक्रम में केजी की चार वर्षीय छात्रा आस्था पुरोहित ने टीचर की भूमिका निभाते हुए प्रतिभाग किया।
मासूम बच्ची की प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। इसके साथ ही काव्या पुरोहित ने परी की भूमिका निभाई। विद्यालय के बच्चों ने कृष्ण, सुदामा, मीरा आदि के रूप धारण करके फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
जूनियर वर्ग में सचिन दीक्षित को प्रथम, आस्था पुरोहित को द्वितीय तथा दीपिका अवस्थी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। सीनियर वर्ग में आंचल चौहान व सत्यम चौहान ने प्रथम, निशा राजपूत और अर्पिता चौधरी ने द्वितीय तथा भूमि चौहान के साथ अखिल तिवारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस दौरान प्रधानाचार्या सुशीला राजावत ने बच्चों के प्रयास की सराहना की। टीचर सपना पुरोहित ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों का मानसिक विकास होता है और बच्चे भविष्य में होने वाली प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होते हैं। विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया।
कार्यक्रम में उदयवीर सिंह, गौरव कुमार, दीपक राजपूत, गुंजन चौहान, रोशनी भदौरिया, सीमा, नीता भदौरिया आदि टीचरों का सहयोग रहा।