सैफई (इटावा)। पंद्रह दिवसीय रणवीर सिंह स्मृति सैफई महोत्सव का शुक्रवार को शानदार आगाज हो गया। बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहीं सांसद जया बच्चन, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित करके महोत्सव का उद्घाटन किया।
इसके बाद दो हजार स्कूली बच्चों ने लोकधारा कार्यक्रम प्रस्तुत कर समां बांधा। महोत्सव के मंच से इस बार राजनीतिक भाषण से परहेज किया गया। सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने इतना जरूर कहाकि सैफई महोत्सव की आलोचना करने वालों को हमने जवाब दे दिया है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक शब्द भी संबोधन नहीं किया।
सैफई महोत्सव की आलोचना से सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव आहत दिखे। उन्होंने आलोचना करने वालों को सीख देते हुए कहाकि इस आयोजन के पीछे ग्रामीण संस्कृति को बढ़ावा देने की विचारधारा है। यहां प्रतिभाग करने वाले ग्रामीणांचल के बच्चे कल देश के बड़े कलाकार हो सकते हैं।
मुंबई-लखनऊ सहित महानगरों में होने वाले ऐसे कार्यक्रमों में बड़े कलाकारों को किसान, गरीब व गांव की जनता को देखने का मौका नहीं मिलता है। ग्रामीण क्षेत्र की जनता को यह मौका सैफई महोत्सव से मिला है। उन्होंने सवाल किया, क्या नाच गाना हम नहीं देख सकते। मनोरंजन क्या कुछ लोगों का ही अधिकार है।
जया बच्चन को किसान, मजदूर, गांव की जनता कहां देखती। इस कार्यक्रम की वजह से ही बड़े-बड़े लोग यहां आ रहे हैं। इसी बहाने सभी इकट्ठा हो जाते हैं। मेल मिलाप हो जाते हैं। समारोह की मुख्य अतिथि सांसद जया बच्चन ने संक्षिप्त भाषण दिया। उन्होंने कहाकि यूपी ने बड़े कलाकार दिए हैं।
यहां प्रस्तुति दे रहे बच्चों में कई बच्चे बड़े कलाकार बन सकते हैं। बड़ा कलाकार बनकर वह गर्व से कहेगा मैं सैफई महोत्सव के माध्यम से यहां तक पहुंचा हूं। उन्होंने महोत्सव समिति को बधाई दी। इससे पहले ब्लाक मैदान में हवन-पूजन कार्यक्रम हुआ तथा सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने हनुमान जी की मूर्ति स्थापना की।
उद्घाटन अवसर पर इटावा-मैनपुरी के दो हजार स्कूली बच्चों ने लोकधारा के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस दौरान कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव सहित संस्कृति विकास मंत्री अरुण कुमारी कोरी, ग्राम्य विकास मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप, सचिव संस्कृति विभाग अनीता सी मेश्राम, कारागार मंत्री बलराम यादव, राजनैतिक पेंशन विभाग मंत्री राजेंद्र चौधरी सहित प्रदेश सरकार के डेढ़ दर्जन मंत्री एवं आला अधिकारी मौजूद रहे।
...शिवपाल होते तो काम हो चुका होता
मुलायम सिंह ने हंसते हुए मुख्यमंत्री अखिलेश पर तंज कसा। मुख्यमंत्री जी कहकर संबोधित किया और साफ कर दिया कि वह मुख्यमंत्री इसलिए कह रहे हैं कि अखिलेश नाराज न हो जाएं। उन्होंने कहा, हमने अमिताभ बच्चन के नाम से सैफई में इंटर कालेज बनवाया, लेकिन आज तक अमिताभ बच्चन इस इंटर कालेज को देखने नहीं आ सके। कई बार अमिताभ बच्चन को बुलाने के लिए मुख्यमंत्री जी से कहा चुका हूं। मुख्यमंत्री मेरा यह काम करेंगे या नहीं, कब करेंगे मुझे नहीं पता। अगर शिवपाल होते तो अब तक यह काम हो चुका होता।