इटावा। पुलिस ने अवैध शस्त्र बनाने और उनकी तस्करी करने वाले गिरोह के चार गुर्गों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। एक आरोपी के पैर में गोली लगी है। आरोपियों के पास से 25 निर्मित/अर्धनिर्मित अवैध शस्त्र व 35 जिंदा व चार खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।
एसएसपी बृजेश श्रीवास्तव ने पुलिस लाइन में खुलासा करते हुए बताया कि सोमवार रात एसओजी/सर्विलांस टीम, थाना वैदपुरा और थाना बसरेहर पुलिस ने संयुक्त रूप से यह अभियान चलाया। पुलिस को ग्राम महोला से रामेत जाने वाले रास्ते पर बबूल के जंगल में एक पुरानी ट्यूबवेल कोठरी के पास अवैध शस्त्र निर्माण की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर अपराधियों को घेरने का प्रयास किया। अपराधियों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। पुलिस जवाबी फायरिंग में अमित कुमार उर्फ नित्ता (21) निवासी ग्राम वैदपुरा थाना वैदपुरा के दाहिने पैर में गोली लगी।
उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने सोनू कुमार (25), अंशू (21) निवासी चकवा बुजुर्ग थाना बसरेहर और भूप सिंह (64) निवासी अधियापुरा वैदपुरा को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे अवैध शस्त्र बनाकर इटावा और आसपास के जनपदों में तस्करी करते थे। एसएसपी ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये से सम्मानित किया है। मौके से कुल 25 निर्मित और अर्धनिर्मित अवैध शस्त्र बरामद किए हैं। इसके अलावा शस्त्र बनाने में प्रयुक्त होने वाले उपकरण भी जब्त किए।